तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग का कहर: सड़क हादसे में दो की मौत, एक गंभीर

पंचेत: पंचेत ओपी क्षेत्र अंतर्गत पतलाबाड़ी स्थित हरि मंदिर के समीप बरगद वृक्ष के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान महेश टुडू के रूप में की गई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दहीबाड़ी निवासी तीन युवक स्कूटी (संख्या Jh10 DA 4853) से पंचेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पंचेत की दिशा से आ रहे बिचाली लदे एक पिकअप वाहन से स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिकअप वाहन ओवरलोड और ओवरहाइट था। वाहन में बिचाली इस कदर भरी हुई थी कि सामने से आ रहे वाहनों का दिखना मुश्किल हो रहा था। बताया जा रहा है कि इसी कारण स्कूटी सवार युवक वाहन को समय पर देख नहीं सके और हादसे का शिकार हो गए। हादसे के बाद पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना ने एक बार फिर पंचेत क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि पंचेत पुल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम होने का दावा किया जाता है, जहां बिना जांच के एक परिंदा भी पर नहीं मार सकता। इसके बावजूद रोजाना ओवरलोड वाहन पुल से कैसे गुजर रहे हैं, यह समझ से परे है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई, नियमित जांच और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया, तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *