चुपके से बस में बैठकर औचक निरीक्षण पर निकले सीएम हेमंत सोरेन,भीड़ में सड़क पर उनकी गाड़ी चलती रही, किसी को नहीं लगी भनक
रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शनिवार बगैर किसी के सूचना दिए बस पर सवार हो गए। इस दौरान शहर की व्यवस्थाओं का उन्होंने जायजा लिया। शहर की भीड़ में सड़क पर उनकी गाड़ी चलती रही और किसी को भनक तक नहीं लगी।इस निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर की यातायात व्यवस्था, सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, पैदल यात्रियों की सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य शहरी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को समझना और आम नागरिकों को होने वाली समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से देखना था।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरी विकास से जुड़ी सभी योजनाओं को कागजों तक सीमित न रखकर जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर आवागमन, स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित जीवन सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क मरम्मत, जलनिकासी, ट्रैफिक प्रबंधन और साफ-सफाई जैसे मुद्दों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण से जुड़ी तस्वीरें मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करते हुए लिखा कि झारखंड सरकार राज्य के प्रत्येक शहर को रहने योग्य, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शहरी विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुँचना चाहिए, ताकि नागरिक सम्मान के साथ बेहतर जीवन जी सकें।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने यह भी कहा कि प्रशासन को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा। सरकार आम जनता की समस्याओं को लेकर पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। इस औचक निरीक्षण के दौरान रांची के उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री, नगर प्रशासक सुशांत गौरव सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।



