सुदिब्य सोनू के निधन पर राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम समेत कई नेताओं ने जताया शोक
रांची : झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री सुदिब्य सोनू के आकस्मिक निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि बीती रात अचानक तबीयत बिगड़ने और हार्ट अटैक आने के बाद उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक संवेदनाओं का दौर शुरू हो गया।
राज्यसभा सांसद सह झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय उपाध्यक्ष बैद्यनाथ राम ने सुदिब्य सोनू के निधन पर गहरा दुख और शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि सुदिब्य सोनू पार्टी के जुझारू और समर्पित नेताओं में शामिल थे। उन्होंने संगठन में जिला अध्यक्ष के पद से अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की और लंबे समय तक पार्टी के लिए पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ काम किया। अपनी मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने झारखंड सरकार में मंत्री पद तक का सफर तय किया।
बैद्यनाथ राम ने कहा कि सुदिब्य सोनू बेहद सरल और सहज स्वभाव के व्यक्ति थे। वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों से भी आत्मीयता से मिलते-जुलते थे। उनके व्यवहार में सहजता और अपनापन था, जिसके कारण उन्होंने कम समय में लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।
उन्होंने कहा कि सुदिब्य सोनू का असमय निधन झामुमो के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए बड़ी क्षति है। पार्टी ने एक जुझारू, कर्मठ और मिलनसार नेता खो दिया है। इस क्षति की भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
बैद्यनाथ राम ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में झामुमो पूरी तरह से सुदिब्य सोनू के परिवार के साथ खड़ा है।
सुदिब्य सोनू के निधन पर कांग्रेस विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप,नेता प्रदीप यादव,कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।


