महाशिवरात्रि पर शिवबारात में बेकाबू थार घुसी, निलंबित अंचल अधिकारी समेत वाहन हिरासत में
रांची: महाशिवरात्रि के अवसर पर लातेहार जिला के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत पचफेड़ी के पास रविवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शिव बारात के दौरान एक अनियंत्रित थार वाहन भीड़ के बीच जा घुसी और कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, हालांकि मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार थार (जेएच-01EY-0049) मेदिनीनगर से रांची की ओर जा रही थी। वाहन को गढ़वा जिला के मझिआंव अंचल के निलंबित अंचल अधिकारी प्रमोद कुमार चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में था और वाहन में एक महिला भी सवार थी। शिव बारात की झांकी देख रहे श्रद्धालुओं के बीच वाहन ने एक बाइक और एक चारपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया।
घटना के बाद लोगों ने देखा कि थार पर ‘डिप्टी कलेक्टर’ का बोर्ड लगा हुआ था तथा वाहन के अंदर ‘प्रशासन’ लिखा था। इसे लेकर भीड़ और अधिक उग्र हो गई। स्थिति बिगड़ती देख मनिका थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सूझबूझ का परिचय देते हुए चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर वाहन समेत हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक प्रमोद कुमार मनिका थाना में पुलिस हिरासत में थे। पूछे गए सवालों पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।



