एयरपोर्ट के पास हथियारों के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार, बड़ी वारदात की थी साजिश

रांची: राजधानी रांची में संगठित अपराध पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह के सदस्य जगरनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के पास हथियारों का आदान-प्रदान करने वाले हैं और शहर में दहशत फैलाने की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन में हटिया के पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने एयरपोर्ट की दक्षिणी चाहरदीवारी के समीप झाड़ियों और मैदान में छापेमारी कर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 15 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक अपाची बाइक बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राहुल सिंह के निर्देश पर रांची आए थे और किसी बड़ी गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के लिए आदेश का इंतजार कर रहे थे। आगे की पूछताछ में गिरोह के एक अन्य सदस्य अश्विनी कुमार पर्वता उर्फ कटप्पा उर्फ जॉनी का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने निशानदेही पर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार अश्विनी पर्वता गिरोह का सक्रिय सदस्य है और पहले भी विभिन्न संगठित आपराधिक गिरोहों के लिए काम कर चुका है। उसका मुख्य काम हथियार उपलब्ध कराना, व्यवसायियों की जानकारी जुटाना और व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी संदेश तैयार करना था।
इस संबंध में जगरनाथपुर थाना कांड संख्या 32/26, दिनांक 15.02.2026 दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *