टाटा स्टील 25K कोलकाता मैराथन में मुरहू के शंकर साबू ने रचा इतिहास
रांची: कोलकाता में टाटा स्टील द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित 25 किलोमीटर मैराथन में देशभर से लगभग 23 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस मैराथन में खूंटी जिले के मुरहू निवासी शंकर साबू ने बैंगलोर निवासी अपने बचपन के मित्र समीर गुप्ता एवं उनकी पत्नी पल्लवी के साथ 25 किलोमीटर की दौड़ सफलतापूर्वक पूरी कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
उल्लेखनीय है कि शंकर साबू मुरहू निवासी स्वर्गीय संवार मल साबू के सुपुत्र हैं, जबकि समीर गुप्ता उनके बचपन के मित्र हैं। दोनों मित्रों ने देश के विभिन्न शहरों में आयोजित कई मैराथन प्रतियोगिताओं में भाग लिया है। इससे पूर्व हैदराबाद में दोनों ने 45 किलोमीटर की मैराथन भी सफलतापूर्वक पूरी की थी।
इस बार कोलकाता में आयोजित टाटा स्टील 25K मैराथन को पूरा करने के साथ ही शंकर साबू और समीर गुप्ता ने अपने जीवन की 50वीं मैराथन सफलतापूर्वक पूरी कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह उपलब्धि खूंटी जिला सहित पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं में खेल, स्वास्थ्य और अनुशासन के प्रति नई प्रेरणा मिली है। उल्लेखनीय है कि शंकर साबू फिटनेस के प्रति अत्यंत समर्पित हैं और वे कई बार रांची से लगभग 60 किलोमीटर साइकिल चलाकर अपने पैतृक गांव मुरहू भी जा चुके हैं।
इस उपलब्धि पर स्थानीय नागरिकों, खेल प्रेमियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने धावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। शंकर साबू के बड़े भाई अरुण कुमार साबू ने भी दोनों मित्रों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।



