अभाव में भी मेहनत और लगन न छोड़ें विद्यार्थी : सुदीप गुड़िया
खूंटी: मुरहू स्थित श्योर सक्सेस कोचिंग सेंटर, मुरहू का स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया एवं खूंटी एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा उपस्थित रहे। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि विद्यार्थियों को अभाव और कठिन परिस्थितियों में भी अपने परिश्रम को कम नहीं करना चाहिए। मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है।
एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने कहा कि शिक्षा का असली उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता या डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे और आलस्य से दूर रहने तथा अनुशासन के साथ अध्ययन करने की सलाह दी।
सक्सेस कोचिंग सेंटर के निदेशक एवं शिक्षक सकलदीप भगत ने कहा कि अनुशासन, नियमित अध्ययन और निरंतर परिश्रम ही विद्यार्थी को उसकी मंजिल तक पहुंचाने के प्रमुख आधार हैं।
समारोह में प्रखंड प्रमुख एलिस ओड़ेया, मुरहू थाना प्रभारी नोवल गॉडविन केरकेट्टा, जिला परिषद सदस्य दयामनी बारला, मुरहू मुखिया ज्योति ढोढराय, एलएन प्लस टू हाई स्कूल के प्राचार्य प्रमोद कुमार सिंह, डॉ. डी.एन तिवारी, बिरसा कॉलेज के प्रो. राजकुमार गुप्ता, शिक्षक प्रकाश टूटी, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के प्राचार्य अजय कुमार, डोगेंद्र मुंडू, विमला जामुदा, बबलू खान, राइफल क्लब खूंटी के सचिव अनुज कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन शिवेंद्र नाथ तिवारी ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में एकल नृत्य के लिए काविया खान तथा सामूहिक नृत्य के लिए जेपी एवं ग्रुप और फ्रीदा एवं ग्रुप को पुरस्कृत किया गया। संस्थान की शिक्षिकाएं अंजली कुमारी एवं अंजू कुमारी सहित शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे। इस अवसर पर संस्थान की मैट्रिक टॉपर जिया कुमारी को भी सम्मानित किया गया।


