सिल्ली प्रखण्ड के मारदू गांव में बाघ है यह कुछ और जांच का विषय..
रांची : रांची से सटे सिल्ली प्रखंड में बाघ घुस गया है। यह बाघ (रॉयल बंगाल टाइगर) मुरी थाना क्षेत्र के कोचो पंचायत के रहने वाले पूरण चंद महतो के आवासीय परिसर में घुसा है। बताया गया है कि टाइगर घर के अंदर घुसकर लॉक हो गया है। बाघ का रेस्क्यू करने की कवायद शुरू कर दी गयी है। घर में बाघ घुसने की फैली खबर के बाद इलाके में खलबली मच गयी। घर के आसपास लोग जुटना शुरू हो गये। इलाके में भीड़ इकट्ठा होने से रेस्क्यू टीम को काम करने में दिक्कत हो रही थी। इस चलते ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर निषेधाज्ञा यानी धारा-163 लागू की गयी है। यह निषेधाज्ञा घर से 200 मीटर के रेडियस में लागू की गयी है। संबंधित आदेश रांची के सदर SDM उत्कर्ष कुमार ने दे दिया है। निषेधाज्ञा आज यानी बुधवार रात नौ बजे तक प्रभावी रहेगा।
निषेधाज्ञा के दौरान इन चीजों पर रोक
- पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों का एक जगह जमा होना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों तथा सरकारी कार्यक्रम एवं शवयात्रा को छोड़कर)।
- किसी प्रकार का ध्वनि विस्तारक यंत्र का व्यवहार करना।
- किसी प्रकार की बैठक या आमसभा का आयोजन करना।
- किसी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र, जैसे बंदूक, राईफल, रिवाल्वर, बम, बारूद आदि लेकर चलना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों को छोड़कर)।
- किसी प्रकार का हरवे हथियार जैसे-लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा भाला आदि लेकर चलना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों / कर्मचारियों को छोडकर)।



