भारत की जनता ने ठान लिया है, आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाएंगे : अरुण सिंह

गणादेश,रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को स्वदेशी संकल्प अभियान की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया। बैठक में प्रदेश टोली, जिलाध्यक्ष, जिला टोली, मोर्चा अध्यक्ष और विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक शामिल हुए।कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, सांसद एवं अभियान के राष्ट्रीय संयोजक अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की बुनियादी संरचनाओं में तेजी से सुधार हो रहा है और गांव–गरीब–किसान आज विकास की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है और इसी दिशा में ठोस कार्य हो रहे हैं। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और दो वर्षों में तीसरे स्थान पर पहुंचने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का आधार स्वदेशी अभियान है और जनता आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देकर झारखंड भी विकसित भारत के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने बताया कि हाल के त्योहारों में हुई भारी खरीदारी ने स्वदेशी अभियान को नई मजबूती दी है।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” मंत्र को अभियान के माध्यम से व्यापक स्तर पर पहुँचाया जाएगा। उन्होंने संकल्प पत्र भरवाने, संकल्प सभाएं आयोजित करने, स्वदेशी मेला, सेमिनार, प्रोफेशनल सम्मेलन, दीवार लेखन और स्टिकर लगाने जैसे कार्यक्रमों को तेजी से जमीन पर उतारने का निर्देश दिया।

राष्ट्रीय सह-संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री सांसद प्रदीप वर्मा ने कहा कि स्वदेशी संकल्प अभियान भारत की आर्थिक आजादी का महत्वपूर्ण अभियान है और इसका लक्ष्य विकसित भारत के साथ देश को विश्व की नंबर-एक अर्थव्यवस्था बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *