जिला परिषद की स्थायी समिति की बैठक, योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश

गणादेश,खूंटी : जिला परिषद अंतर्गत गठित स्थायी समिति—निर्माण एवं विकास समिति की बैठक सोमवार को जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सभी सदस्य, नामित पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में चल रही योजनाओं की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों पर चर्चा हुई। अध्यक्ष मसीह गुड़िया और उपाध्यक्ष मंजू देवी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।

अध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट जिलापरिषद को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि योजनाओं की गति पर निरंतर नजर रखी जा सके।

बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की रफ्तार को बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने अपने सुझाव भी रखे और कई मुद्दों पर सामूहिक निर्णय लिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *