ऐतिहासिक पड़ाव संघ की 113वीं कांवड यात्रा शुरू,बम बम का जयकारा लगाते बाबा बासुकीनाथ चले
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर: बाबा तुमको देना होगा – देना होगा, देना होगा. कुछ इसी विश्वास व भरोसे के साथ बुधवार को ऐतिहासिक पड़ाव संघ की 113वीं कांवर यात्रा जिले के कहलगांव स्थित उत्तरवाहिनी गंगा तट से कांवड में गंगा जल भरकर भजन – कीर्तन करते बाबा बासुकीनाथ के लिए रवाना हुए। रिमझिम फुहार, कांवरों की झंकार, हर-हर महादेव, बोल बम के जयघोष से शहर का चप्पा – चप्पा गूंज उठा। जिस रास्ते से कांवरियों की टोली निकली लोगों ने पुष्प की वर्षा से स्वागत किया। पड़ाव संघ के अध्यक्ष अरबिंद सिंह ने बताया कि इस यात्रा में करीब तीन हजार कांवरिया शामिल है। आगामी 21 जुलाई को बाबा बासुकीनाथ के दरबार में जलाभिषेक करेंगे। यात्रा शुरू होने से पूर्व अहले सुबह से ही शिव भक्त राज घाट, चारो धाम घाट व सती घाट में गंगा जल भरे। पश्चात वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संकल्प लिए। कांवर व मां गंगा की आरती उतारी। माथे पे रोली चंदन लगाए। बुजुर्गों का आशीर्वाद लिए। कलाई में रक्षा सूत्र बांधे।
# अद्भुत 71 व 51 फीट का कांवर मुख्य आकर्षण :
इस यात्रा में शामिल 71 फीट का भव्य कांवर आकर्षण का केंद्र रहा। इस कांवर में सुसज्जित दस पीतल के बड़े – बड़े कलश में गंगा जल भरा है। जिसका वजन करीब पांच सौ किलो है। इस टीम में रवि, अमित, विक्की यादव, बादल, सत्यम, मयंक, रामप्रवेश, गोरे, चंदा, मनीष, ललन, मदन, राहुल, चंदन सहित करीब 51 शिव भक्तों की टीम शामिल है।
इसके साथ ही शहर स्थित विषहरी स्थान के शिव भक्तों की टोली 51 फीट का कांवड लेकर पड़ाव संघ के साथ चल रहे हैं।
# भजनों की फुहार व सुहाने मौसम में नाच रहे थे भक्त :
यात्रा की शुरुआत किला दुर्गा स्थान से प्रारंभ हुई। कांवरियों के आगे भव्य झांकी,भजनों की अनवरत फुहार व सुहाने मौसम संग कांवरिया झूमते – गाते आगे बढ़ रहे थे। साथ – साथ शहर से गांव तक के लोग इनकी विदाई में शामिल थे। यह भीड़ शहर के अंतिम छोर तक साथ चलते रहे। इन रास्तों पर लोग कांवरियों को कभी शरबत तो कभी पान खिला रहे थे। छोटे बच्चे पांव छू रहे थे। देर शाम यात्रा का प्रथम पड़ाव घोघा स्थित संत कुटी ब्रह्मचारी बाबा कुटी में हुआ। जहां घोघा निवासी सह सांसद अजय कु मंडल सहयोगियों के संग कांवरियों का भव्य स्वागत करते हुए पूरी रात सेवा में तत्पर दिखे। सांसद के भंडारे में कांवरिया सहित लोक सभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों घोघा, कहलगांव, पीरपैंती, भागलपुर, नाथनगर, नवगछिया, गोपालपुर, बिहपुर, सन्हौला के सैकड़ों शिव भक्त उपस्थित थे।
# 115 किमी की यात्रा कर 21 जुलाई द्वितीय सोमवारी को जलाभिषेक करेंगे :
कांवरिया घोघा, सन्हौला, धोरैया, पंजवारा, बौंसी, हसडीहा, राजा पोखर, श्याम बाजार, नोनीहाट, दर्शनीया होते हुए करीब 115 किमी की यात्रा के बाद तृतीय सोमवारी आगामी 5 अगस्त को बासुकीनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। पश्चात बम अन्यत्र पूजा-अर्चना करते हुए अपने – अपने घर लौटेंगे।
# संघ की ओर से विशेष व्यवस्था :
पड़ाव संघ के साथ चलने वाले कांवरियों के लिए पग-पग विशेष सेवा मुहैया कराया जाता है। दोनों प्रहर का भोजन, घुमंतू सेवा, मेडिकल सेवा, फलारी सेवा, नाश्ता, चाय, शिकंजी के साथ मेडिकल सेवा की व्यवस्था की गई है। डैमेज बम रेस्क्यू टीम, नगर पंचायत कहलगांव की ओर से चलंत शौचालय, फॉगींग मशीन, दर्जन भर सफाईकर्मी दी गई है। भंडारी महाराज दुलारे मंडल, लट्टू शर्मा की टोली भोजन निर्माण में अनवरत लगे रहेंगे। सेवा दल दिन – रात कांवरियों की सेवा में तत्पर दिखेंगे। भजन मंडली में इस वर्ष भजन मंडली बिहार के विभिन्न जिलों से आ रही है। जीतू जाॅन, शुभम भास्कर, स्नेहा सरगम, आरोही झा, रिया सोनी, आदित्य रंजन लक्खा, मनोज माही, सचिन राज के मधुर भजनों में भक्त जमकर झूमें।



