कहलगांव में अदाणी ग्रुप की बड़ी तैयारी: थर्मल पावर स्टेशन के निर्माण के साथ मिनी एयरपोर्ट से लेकर सड़क का खाका तैयार
भागलपुर। पीरपैंती में प्रस्तावित थर्मल पावर स्टेशन के साथ-साथ अदाणी पावर लिमिटेड अब भागलपुर जिले के कहलगांव में अपनी सबसे महत्वाकांक्षी साइड-प्रोजेक्ट पर भी काम शुरू करना चाहता है। कहलगांव क्षेत्र में मिनी एयरपोर्ट का निर्माण। कंपनी ने जिला प्रशासन को औपचारिक पत्र भेजकर 100 मीटर चौड़ी और 2000 मीटर लंबी एयर स्ट्रिप के लिए जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
कंपनी ने बताया कि पीरपैंती प्रखंड के हिरणकोल, दरपुर, मुंडवा, रायपुरा और श्रीमतपुर में 3×20 मेगावाट इकाइयों के निर्माण में तेज़ी लाने के लिए तेजी से कनेक्टिविटी जरूरी है। वर्तमान में अधिकारी और तकनीकी टीमों को प्लांट तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। नजदीक कोई एयर स्ट्रिप मौजूद नहीं है। ऐसे में अदाणी पावर लिमिटेड अपने खर्च पर ही मिनी एयरपोर्ट बनाने को तैयार है; बस प्रशासन भूमि उपलब्ध करा दे।
भागलपुर के डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पुष्टि की है कि कंपनी का प्रस्ताव मिला है। उन्होंने राजस्व विभाग और संबंधित अंचल अधिकारियों को स्थल-रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है।
बियाडा की भूमि पर टिक सकती हैं नजरें
सूत्रों के अनुसार, कहलगांव के रामजानीपुर स्थित बियाडा की 1058 एकड़ भूमि एयर स्ट्रिप के लिए संभावित रूप से सबसे उपयुक्त मानी जा रही है।
यह क्षेत्र एनटीपीसी, सेंट्रल यूनिवर्सिटी और प्रस्तावित पीरपैंती थर्मल प्लांट के बीच रणनीतिक रूप से स्थित है, इसलिए चयन की संभावना अधिक है। मालूम हो कि बियाड़ा की जमीन वर्षों से खाली पड़ा हुआ है। प्रारंभिक समय में उद्योग स्थापित करने के प्रयास भी हुए परंतु ग्रामीणों के विरोध के कारण कई कम्पनी अपनी नींव रखने से पूर्व अपने इरादे बदलते हुए लौट गए। फ़िलहाल इस जमीन पर ग्रामीण अवैध रूप से कब्जा जमाए हुए हैं।
सिर्फ एयर स्ट्रिप नहीं पूरा इन्फ्रास्ट्रक्चर बदलने की तैयारी
अदाणी पावर केवल प्लांट नहीं बना रहा, बल्कि पूरे क्षेत्र में आधारभूत संरचना को नया रूप देने की योजना में है। इसमें शामिल हैं – गंगा मार्ग से कोयला आपूर्ति के लिए पोर्ट निर्माण, रेलवे रूट को मुख्य सप्लाई चैन के रूप में विकसित करना, मुख्य सड़क से पावर प्लांट तक सड़क का निर्माण। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर पीरपैंती और कहलगांव क्षेत्र में औद्योगिक विकास की रफ्तार कहीं तेज होने की उम्मीद है।



