चुनाव प्रचार थमा, अब सख्ती का दौर: बाहरी व्यक्तियों पर रोक, जिला में 82 उम्मीदवार, 22 लाख से ज्यादा मतदाता
@ प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। दूसरे चरण का चुनावी शोर अब थम गया है। मतदान से ठीक पहले जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। 9 नवंबर की शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार पूरी तरह बंद हो गया है, और अब कोई भी उम्मीदवार अपने पक्ष में प्रचार नहीं कर सकेगा। साथ ही, चुनाव खत्म होने तक जिले में बाहरी व्यक्तियों का ठहरना प्रतिबंधित कर दिया गया है।यह जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने समीक्षा भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
11 नवंबर को वोटिंग, तीन वाहनों की मिलेगी अनुमति
जिलाधिकारी ने बताया कि 11 नवंबर को भागलपुर जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा।
मतदान के दिन प्रत्याशी केवल तीन वाहन ही इस्तेमाल कर सकेंगे। सभी बूथ मतदान केंद्र से 100 मीटर दूर बनाए जाएंगे। सुबह 5:30 बजे से मॉक पोल शुरू होगा, और 5:45 तक एजेंट की अनुपस्थिति में भी प्रक्रिया जारी रहेगी।
काउंटिंग 14 नवंबर को, दो केंद्रों पर होगी मतगणना
ईवीएम की गिनती 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। बिहपुर, गोपालपुर और सुल्तानगंज की मतगणना महिला आईटीआई में होगी, जबकि बाकी चार विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक बरारी में होगी। हर विधानसभा क्षेत्र में 14-14 टेबल, एक आरओ टेबल और डाक मतपत्र के लिए पांच टेबल होंगे।
82 उम्मीदवार मैदान में, 22 लाख से ज्यादा मतदाता
जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों से 82 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। कुल 22,30,208 मतदाता वोट डालेंगे, जिनमें 11.49 लाख पुरुष, 10.80 लाख महिलाएं और 81 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। पीडब्ल्यूडी मतदाताओं की संख्या 21,970 है, जबकि 85 वर्ष से अधिक उम्र के 11,529 मतदाता हैं।
2686 मतदान केंद्र, वेबकास्टिंग और जीपीएस मॉनिटरिंग
जिले में 2686 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 37 आदर्श, 14 सखी और 7 पीडब्ल्यूडी केंद्र शामिल हैं।
सभी केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी और वेबकास्टिंग के जरिए जिला नियंत्रण कक्ष से की जाएगी।सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ, जिला पुलिस और घुड़सवार पुलिस की तैनाती की गई है। दियारा क्षेत्र में मोटरबोट से पेट्रोलिंग होगी।
सीमा सील, होटल चेकिंग जारी
एसएसपी हृदय कांत ने बताया कि जिले की सीमाएं सील कर दी गई हैं। बाहरी व्यक्तियों की होटलों और लॉजों में जांच चल रही है।साथ ही, अन्य जिलों और राज्यों के वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है ताकि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी किए गए हैं – 0641-2422077 से 2422097 तक, इसके अलावा 1950, 0641-2422099 और 2422021 पर भी संपर्क किया जा सकता है।


