रांची नगर मध्यदेशीय वैश्य विकास समिति की 55वां वार्षिकोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया
रांची: रांची नगर मध्यदेशीय वैश्य विकास समिति का 55वां वार्षिकोत्सव शनिवार को पुलिस एसोसिएशन गेस्ट हाउस में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
धार्मिक अनुष्ठान और प्रभात फेरी
समारोह की शुरुआत सुबह बाबा गणिनाथ मंदिर प्रांगण में विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। पूजा के उपरांत भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बैंड-बाजे, बाबा गणिनाथ महाराज की झांकी और हलवाई समाज के सैकड़ों लोगों ने नाचते-गाते भाग लिया। कचहरी चौक पर समाज के लोगों ने प्रभात फेरी का भव्य स्वागत किया।
सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रम
गेस्ट हाउस परिसर में बच्चों के बीच पेंटिंग और राधा–कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं महिलाओं ने कुर्सी रेस प्रतियोगिता में भाग लेकर कार्यक्रम को और जीवंत बना दिया। इसके अलावा समाजसेवा की दिशा में समिति द्वारा ब्लड डोनेशन कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसका संचालन सदर अस्पताल टीम ने प्रभारी दिनेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में किया।
विशिष्ट अतिथि और सम्मान
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ उपस्थित रहे। उनका स्वागत समिति के मुख्य संरक्षक बजरंग प्रसाद गुप्ता ने किया। विशिष्ट अतिथि का स्वागत अध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता ने किया। मंच का संचालन महामंत्री शशि भूषण गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता समेत समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित थे और उत्सव को सफल बनाया।



