प्रेमी की बेवफाई ने नरक में धकेला, पति की वफाई ने मौत के मुंह से निकाला

पटना (गणादेश) : इश्क का जुनून जब सर चढ़कर बोलता है, तो इंसान को अपनों की कड़वाहट और गैर की चिकनी-चुपड़ी बातों के बीच का फर्क नजर नहीं आता। पटना की एक विवाहिता के साथ भी यही हुआ। जिस प्रेमी के लिए उसने अपना हंसता-खेलता घर, पति और मासूम बच्चे को छोड़ दिया, उसी ने उसे ऐन मौके पर दगा दे दिया। लेकिन कहानी यही खत्म नहीं हुई, बल्कि वहां से शुरू हुआ जिल्लत और हैवानियत का वो सफर, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए।

फेसबुकिया प्यार के झांसे में उजड़ा सुहाग

मनेर की रहने वाली इस महिला की शादी 4 साल पहले हुई थी। दांपत्य जीवन में अनबन हुई तो सोशल मीडिया पर एक अनजान युवक सहारा बन गया। घंटों बातें और झूठे वादों के बीच महिला ने प्रेमी के साथ भागने का फैसला किया। 8 महीने पहले वह घर से भागकर पटना जंक्शन पहुंची, लेकिन प्रेमी वहां नहीं आया। भटकती महिला को वहां एक ठग मिला, जिसने नौकरी का झांसा देकर उसे पश्चिम बंगाल ले जाकर 2 लाख रुपये में एक रेड लाइट एरिया में बेच दिया।

सब नोच रहे हैं… प्लीज बचा लो : वीडियो कॉल पर छलका दर्द

8 महीने तक महिला उस नरक में रही जहां रोज उसकी रूह और जिस्म को छलनी किया गया। महिला ने बताया, मेरे कमरे में रोज नए लोग आते थे, मैं गिड़गिड़ाती थी लेकिन नशे में धुत दरिंदे कुछ नहीं सुनते थे। आखिरकार 2 अक्टूबर को एक ग्राहक के रूप में आए युवक को महिला ने अपनी आपबीती सुनाई। युवक का दिल पसीज गया और उसने महिला की बात उसके पति से करवाई। वीडियो कॉल पर जब पति के सामने पत्नी आई, तो वह फफक-फफक कर रो पड़ी। उसने चीखते हुए कहा की यहां सब मुझे नोच रहे हैं, मैं मर जाऊंगी, प्लीज मुझे यहां से निकालो।

पुलिस और कस्टमर का सीक्रेट ऑपरेशन

पति ने तुरंत मनेर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उस ग्राहक को ही अपना मुखबिर बनाया। पुलिस के निर्देश पर वह युवक दोबारा कोठे पर गया और वीडियो कॉल के जरिए पुलिस को सटीक लोकेशन दी। इसके बाद मनेर पुलिस की एक टीम तुरंत पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुई। बंगाल के इस्लामपुर थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी की गई और मौत के चंगुल से महिला को सुरक्षित रेस्क्यू कर पटना लाया गया। गौरतलब हो कि सोशल मीडिया की आभासी दुनिया जितनी आकर्षक है, उतनी ही घातक भी। यह घटना एक चेतावनी है कि भावनाओं के आवेग में लिया गया एक गलत फैसला न केवल जिंदगी नरक बना सकता है, बल्कि आपको मानव तस्करी के उस दलदल में धकेल सकता है जहां से वापसी का रास्ता केवल मौत पर खत्म होता है। अपनों पर भरोसा रखें, अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट पर नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *