मालदा मंडल की कोहरा सुरक्षा पर विशेष संगोष्ठी,भागलपुर, जमालपुर के ट्रैफिक इंस्पेक्टर सम्मानित

भागलपुर। सर्द हवाओं और घने कोहरे के मौसम से पहले मालदा मंडल ने रेलवे संचालन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए अपनी तैयारियाँ तेज़ कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को डीआरएम कार्यालय स्थित मंडार कॉन्फ्रेंस हॉल में एक विशेष सुरक्षा संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें शीतकालीन परिचालन से जुड़े जोखिमों और उनके समाधान पर व्यापक चर्चा हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता ने की। उनके साथ वरिष्ठ मंडल संचालन प्रबंधक श्री अमरेन्द्र कुमार मौर्य, विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारी और परिचालन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। मंडल के सभी स्टेशनों से आए ट्रैफिक इंस्पेक्टर और स्टेशन अधीक्षकों ने अपनी जमीनी अनुभवों को साझा किया।

संगोष्ठी में डीआरएम ने प्रतिभागियों के साथ सीधे संवाद कर रेल संचालन को कोहरे के दौरान सुरक्षित बनाए रखने के उपायों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। आने वाले महीनों में दृश्यता कम होने के कारण ट्रेन संचालन पर बढ़ने वाले खतरे को देखते हुए, अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कई एहतियाती कदमों और मानक प्रक्रियाओं की समीक्षा की।

डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने इस दौरान कहा कि शीतकाल हमारे लिए सतर्कता की परीक्षा है। घना कोहरा संचालन को चुनौती देता है, ऐसे में हमारी तैयारी और अनुशासन ही यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। आज की संगोष्ठी ने हमें प्रक्रियाओं को और निखारने का अवसर दिया है। मैं उन सभी कर्मचारियों को धन्यवाद देता हूं, जो सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियाँ निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए भागलपुर और जमालपुर के ट्रैफिक इंस्पेक्टर्स को डीआरएम/मालदा द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। भीड़ प्रबंधन और संचालन अनुशासन में उनके योगदान को सराहा गया।

संगोष्ठी के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट रहा कि मालदा मंडल शीतकालीन चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है और सुरक्षित ट्रेन संचालन इसकी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *