श्रावणी मेला 2025 का भव्य शुभारंभ : आस्था, संस्कृति और विकास का संगम

प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। श्रद्धा, संस्कृति और समर्पण की त्रिवेणी माने जाने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 का आज भव्य शुभारंभ बिहार के सुल्तानगंज में हुआ। इस ऐतिहासिक मौके पर बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित अन्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और पर्यटक उपस्थित थे। उद्घाटन के साथ ही सम्पूर्ण वातावरण “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। मंच पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिंहा, राजस्व व भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी, श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, विधायक पवन यादव, ललन कुमार, जिप अध्यक्ष मिथुन यादव, मेयर वसुंधरा लाल, प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय, जिलाधिकारी डा नवल किशोर चौधरी, एसएसपी हृदयकांत मंच पर मौजूद थे। सावन के प्रथम दिन करीब डेढ़ लाख कांवडियों ने कांवड में गंगाजल भरकर सुल्तानगंज से देवघर के लिए रवाना हुए।

भावविभोर कर गई भजन संध्या :
शुभारंभ समारोह में भक्ति रस की बयार उस समय चरम पर पहुंच गई, जब प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने मंच से अपने मधुर सुरों में भजन प्रस्तुत किए। “राम नाम की लूट है, लूट सके तो लूट” जैसे भजनों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालु घंटों तक मंत्रमुग्ध होकर भजन संध्या में डूबे रहे।

विकास की दिशा में ऐतिहासिक घोषणाएं :
उद्घाटन समारोह के मंच से दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने श्रावणी मेला को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करने और क्षेत्रीय विकास को गति देने हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:

सुल्तानगंज से देवघर तक फोर लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह ₹200 करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना होगी, जिससे कांवरियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा मिलेगी।

रेलवे की 17 एकड़ भूमि पर स्थायी मेला परिसर का निर्माण किया जाएगा, जहां साल भर धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ संचालित होंगी।

सुल्तानगंज में एयरपोर्ट निर्माण की योजना पर काम शुरू करने की घोषणा भी की गई, जिससे पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा।

मुंगेर से भागलपुर तक की सड़क को ‘मरीन ड्राइव’ की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जो क्षेत्र के सौंदर्य को नई पहचान देगा।

अगवानी पुल का निर्माण कार्य अगले 18 महीनों में पूरा कर लिए जाने की घोषणा की गई, जिससे यातायात में सुधार आएगा।

डीएम और एसएसपी ने किया सूचना केंद्र का उद्घाटन :

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 के अंतर्गत नमामि गंगे घाट पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा बनाए गए सूचना केंद्र का उद्घाटन फीता काटकर जिला अधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत के द्वारा किया गया इस अवसर पर संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को बिछड़े हुए साथी, उनके परिवार के सदस्य को मिलने का काम सूचना केंद्र करती है। भागलपुर जिले के अंतर्गत पांच सूचना केंद्र बनाया गया है, जिनमें नमामि गंगे घाट, सीढ़ी घाट, कृष्णगढ़, प्रखंड कार्यालय परिषर सुल्तानगंज और धांधी बेलारी अवस्थित सूचना केंद्र शामिल हैं। इन सूचना केंद्र पर खोए हुए व्यक्ति अपने साथी का नाम, पता देते हैं यह सूचना केंद्र अगले सूचना केंद्र मुंगेर और बांका जिला के सूचना केंद्रों को संदेश फॉरवर्ड कर देते हैं। प्रत्येक सूचना केंद्र पर उस व्यक्ति का नाम की पुकार की जाती है। इस प्रकार खोए हुए सदस्य को मिलाने का काम सूचना केंद्र करती है।
श्रावणी मेला: सिर्फ आस्था नहीं, बदलाव की शुरुआत :
श्रावणी मेला जहां एक ओर अखंड आस्था और भगवान शिव की भक्ति का प्रतीक है, वहीं यह अब स्थानीय व क्षेत्रीय विकास का माध्यम भी बन रहा है। सरकार द्वारा घोषित योजनाएं न केवल श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाएंगी, बल्कि रोजगार, पर्यटन और आर्थिक विकास के नए रास्ते भी खोलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *