चुनावी रणभूमि तैयार! भागलपुर में दो गढ़ बनेंगे वोटों की गिनती के केंद्र

भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है, और अब सारा ध्यान टिक गया है उस दिन पर जब ईवीएम से निकलेंगे जनता के फैसले। भागलपुर जिले के लिए दो बड़े गिनती केंद्र बनाए गए हैं, जो चुनावी नतीजों के इस महायुद्ध के मैदान बनेंगे।राजकीय पॉलिटेक्निक, बरारी – यह केंद्र संभालेगा पीरपैंती (आरक्षित), कहलगांव, भागलपुर और नाथनगर की किस्मत का फैसला। महिला आईटीआई कॉलेज – यहां खुलेगा बिहपुर, गोपालपुर और सुल्तानगंज के वोटों का राज।दोनों गिनती केंद्रों पर 14 नवंबर 2025 को होगी वोटों की गिनती। यानी जनता का फैसला ईवीएम से बाहर आकर नेताओं की तकदीर लिखेगा!

चुनाव सिर्फ वोट नहीं, व्यवस्था का इम्तिहान भी होता है। इस बार 11 नवंबर को मतदान से पहले 6 डिस्पैच सेंटरों से मतदान कर्मी, सेक्टर अधिकारी और पुलिस बल रवाना किए जाएंगे।

तैनाती का नक्शा कुछ यूं होगा: बिहपुर – इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय, तुलसीपुर। गोपालपुर – इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय, नवगछिया। पीरपैंती – लक्ष्मी नारायण उच्च विद्यालय, मलिकपुर। कहलगांव – इंटर स्तरीय शारदा पाठशाला।भागलपुर व नाथनगर – राजकीय पॉलिटेक्निक, बरारी।सुल्तानगंज – राजकीय महिला आईटीआई।

डीएम डॉक्टर नवल किशोर चौधरी के निर्देशन में पूरा प्रशासनिक अमला तैयार है।चुनाव ड्यूटी से छूट चाहिए? बीमारी है? तो सिस्टम भी सजग है! सदर अस्पताल, भागलपुर में लगाया गया मेडिकल कैंप, जिसमें 174 कर्मचारियों ने ड्यूटी से राहत के लिए आवेदन किया।

डॉ. प्रभाकर भूषण (फिजिशियन), डॉ. पंकज कुमार, डॉ. कुंदन शर्मा, डॉ. स्वप्निल चंद्र, स्त्री रोग, हड्डी, मानसिक स्वास्थ्य, ENT और आंखों के विशेषज्ञों की रही मौजूदगी।

11 नवंबर – मतदान,14 नवंबर – मतगणना।अब देखना यह है कि वोटों की इस जंग में कौन जीतेगा जनता का दिल और विधानसभा की सीट!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *