भागलपुर के पीरपैंती में निरहुआ, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का रोड शो रद्द, भाजपा विधायक ललन कुमार ने थामा आरजेडी का दामन
भागलपुर: जिले के पीरपैंती में बुधवार का दिन बीजेपी के लिए दोहरी झटके वाला साबित हुआ। एक तरफ भोजपुरी सिनेमा के स्टार और भाजपा नेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ का बहुचर्चित रोड शो ऐन वक्त पर रद्द हो गया, तो दूसरी ओर मौजूदा विधायक ललन कुमार पासवान ने पार्टी से इस्तीफा देकर आरजेडी का दामन थाम लिया।
निरहुआ, यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और पश्चिम चंपारण के सांसद राधा मोहन सिंह के साथ मिलकर पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी मुरारी पासवान के समर्थन में रोड शो करने वाले थे। लेकिन बीच में ही ‘तकनीकी खराबी’ ने सारा खेल बिगाड़ दिया। हेलिकॉप्टर उड़ा ही नहीं, और मंच पर इंतज़ार करती भीड़ मायूस होकर लौट गई।
पूरा मैदान सजा, पर उड़ान नहीं भरी
इसीपुर मैदान से शुरू होकर बाराहाट बाजार, मिर्जागांव, प्यालापुर, गोकुल मथुरा, लकड़ाकोल, मेहरपुर और दौलतपुर तक भगवा झंडों और पोस्टरों से रास्ता सजा हुआ था। पुलिस बल तैनात, भीड़ नियंत्रक तैयार, मंच रोशनी में नहाया लेकिन जिस स्टार के नाम पर जनसैलाब उमड़ने वाला था, वह पहुंचा ही नहीं। हेलिकॉप्टर की तकनीकी दिक्कत के कारण दौरा रद्द होने की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं का उत्साह ठंडा पड़ गया।
बीजेपी को दलित चेहरा नहीं चाहिए?
उधर, टिकट कटने से नाराज़ विधायक ललन कुमार पासवान ने आज तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी की मौजूदगी में राजद की सदस्यता ग्रहण की।
अपने इस्तीफा पत्र में उन्होंने लिखा – ‘मेरी भाजपा यात्रा यहीं समाप्त होती है। अब लगता है कि पार्टी को मुखर दलित नेतृत्व की ज़रूरत नहीं रही। मैं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के आदर्शों पर चलते हुए समाज के लिए काम करना चाहता हूं।’ पत्र के अंत में उन्होंने ‘जय भीम’ लिखकर विदाई दी।
पीरपैंती की सियासत में नया मोड़
बीजेपी ने इस बार ललन पासवान की जगह मुरारी पासवान को उम्मीदवार बनाया है।निरहुआ और बृजेश पाठक का रोड शो इस नई दावेदारी को मजबूती देने वाला था, मगर अब इसके रद्द होने से राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हैं।
एक तरफ पार्टी संगठन झटके को ‘तकनीकी दिक्कत’ बता रहा है, वहीं स्थानीय कार्यकर्ता इसे ‘अशुभ संकेत’ के रूप में देख रहे हैं।



