लुगू बुरु घंटा बाड़ी धरोम गढ़ में ज्रेडा द्वारा सोलराइजेशन के जरिए विशेष साज-सज्जा की गई
रांची/बोकारो: संथाली समाज के पवित्र धार्मिक स्थल बोकारो जिले के ललपनिया स्थित लुगू बुरु घंटा बाड़ी धरोम गढ़ में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भव्य मेला का आयोजन किया गया।बता दें,यह धार्मिक स्थल एक पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है, जहां तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लगभग 7 किलोमीटर का दुर्गम सफर तय करना पड़ता है। इसके बावजूद देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से भी आदिवासी समाज, विशेषकर संथाली समुदाय के लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं। यह स्थान समाज की आस्था का एक प्रमुख केंद्र माना जाता है।
मान्यता है कि यहां आने वाले श्रद्धालु लुगू बाबा के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना करते हैं। पहाड़ की चोटी पर स्थित ऐतिहासिक गुफा, जिसे संथाली भाषा में ‘घिरी दोलन’ कहा जाता है, में लुगू बाबा विराजमान हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, इस गुफा तक पहुंचने का मार्ग अत्यंत कठिन है और यहां बिजली की कोई व्यवस्था नहीं थी। लेकिन धार्मिक आयोजन और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए झारखंड अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (ज्रेडा) के डायरेक्टर के.के. वर्मा के निर्देश पर मात्र तीन दिनों में पूरे धार्मिक स्थल पर सोलराइजेशन किया गया।इस दौरान लगभग 250 सोलर स्ट्रीट लाइटें 7 किलोमीटर के क्षेत्र में लगाई गईं और पहाड़ की चोटी पर 10 किलोवाट (DDG) का सोलर प्लांट स्थापित किया गया। ज्रेडा की इस पहल से अब पूरा धार्मिक स्थल रोशनी से जगमगा उठा है, जिससे श्रद्धालुओं में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।



