नफरत के माहौल को मुहब्बत में बदलना है : राजेश ठाकुर

लातेहार : लातेहार प्रखंड कार्यालय से लेकर थाना चौक तक गुरूवार को भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई। यात्रा समाहरणालय परिसर से प्रारंभ हो कर कारगिल पार्क तक गई। इसके बाद थाना चौक में एक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुनेश्वर उरांव ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि आज पूरे देश में नफरत का माहौल है। हर एक दूसरे को शक की निगाहों से देख कर रहा है। भारत जोड़ा यात्रा का मुख्य उदेश्य नफरत के इस माहौल को मुहब्बत में बदलना है। पूरा भारत टुट रहा है, इस टुटते भारत को जोड़ना है। अमीर व गरीब की बीच की खाई बढ़ती जा रही है, इस खाई को पाटना है। उन्होंने कहा आज पूरे देश मे महंगाई व बेरोजगार चरम पर है। महंगाई के कारण घर टुट रहा है तो बेरोजगारी के कारण युवा आत्महत्या कर रहे हैं। भारत जोड़ा यात्रा के झारखंड संयोजक सह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि महंगाई के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। वर्ष 2014 से पहले देश में महंगाई नियंत्रण में थी। अपने कार्यकाल में उन्होने रेल किराया बढ़ने नहीं दिया था, लेकिन आज रेल का किराया हवाई जहाज से भी अधिक है। वह दिन दूर नहीं जब लोग सरकार की रेल पर नहीं बल्कि अडानी व अंबानी की रेल में सफर करेगें। जिला संगठन प्रभारी सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने झारखंड सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सूखाड़ को ले कर किसानों को दी जा रही 3500 रूपये सूखा राहत योजना से लोगों को अवगत कराया। राज्य में 1200 करोड़ रुपये सूखा राहत कोष में वितरण करने की योजना बनाई है। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने कहा कि आज पूरे देश को भावनात्मक रूप से तोड़ा जा रहा है। संवैधानिक संस्थाओं को गलत इस्तेमाल किया जा रहा है और यह सब केंद्र सरकार के इशारे पर हो रहा है। पूर्व मंत्री केंएन त्रिपाठी व मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने भी सभा संबोधित किया। इससे पहले समाहरणालय परिसर से निकाली गयी भारत जोड़ो यात्रा में जिले के सैकड़ों कांग्रेसियों ने हाथों में तिरंगा ले कर भाग लिया। यात्रा में बाहर से आये वाद्य कलाकारों की टोली ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, आफताब आलम, पंकज तिवारी, विश्वनाथ पासवान, हरिशंकर यादव, साजन कुमार, प्रवेश उरांव व अजीत पाल कुजूर आदि उपिस्थत थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *