मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने विशेष मतदाता मैपिंग कैंप का किया निरीक्षण
खूंटी: मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने मुरहू पंचायत के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष मतदाता मैपिंग कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता मैपिंग कार्य की समीक्षा की तथा मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
उप प्रमुख श्री साबू ने बताया कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए तथा भविष्य में उसकी नागरिकता या मतदान अधिकार पर किसी प्रकार का प्रश्नचिह्न न लगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देश पर सभी पंचायतों में बीएलओ द्वारा 13 एवं 14 जून को विशेष मतदाता मैपिंग कैंप आयोजित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं को किसी प्रकार की समस्या हो, उनकी जानकारी अलग पंजी में दर्ज की जाए तथा उनका मोबाइल नंबर भी अंकित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी समस्याओं का समाधान प्रखंड परिसर में निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारियों के सहयोग से किया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित मतदाताओं ने कहा कि मतदान करना उनका संवैधानिक अधिकार है और वे मतदाता सूची से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन का सहयोग करने को तैयार हैं।

