प्रिंस खान का वीडियो कानून-व्यवस्था पर सवाल : बाबूलाल मरांडी

रांची : बाबूलाल मरांडी ने धनबाद के कुख्यात अपराधी प्रिंस खान द्वारा विदेश से जारी वीडियो को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वीडियो में धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक  पर लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं और इससे राज्य की कानून-व्यवस्था तथा प्रशासनिक विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मरांडी ने कहा कि वीडियो में माइनिंग माफिया, भूमि कब्ज़ा और प्रशासनिक संरक्षण जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या राज्य का प्रशासनिक तंत्र माफियाओं के प्रभाव में काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाते हुए उन्होंने केवल संपादित अंश ही सार्वजनिक किया है ताकि समाज में भय और अराजकता का माहौल न बने। पूरा वीडियो मुख्यमंत्री को उपलब्ध कराया जाएगा।

बाबूलाल मरांडी ने संबंधित अधिकारी को तत्काल हटाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनता देख रही है कि सरकार कानून के साथ खड़ी है या माफिया तंत्र के दबाव में काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *