योग करने से तन और मन दोनों तंदरुस्त रहता है : इरफान अंसारी
बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में योग को राजकीय कार्यक्रम के रूप में किया गया आयोजित
रांची: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार को राजधानी रांची सहित अलग अलग जिले में पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया गया। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे,स्वास्थ्य कर्मी सहित आम लोग शामिल हुए। वहीं बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्य सरकार के द्वारा इसे राजकीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया।
बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी,स्थानीय भाजपा विधायक सीपी सिंह,अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सहित कई अधिकारियों ने योग कार्यक्रम में भाग लिया। योग प्रशिक्षक डॉ अर्चना कुमारी ने योग के विभिन्न आसान कराया। यह कार्यक्रम झारखंड सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया था। वहीं कार्यक्रम स्थल पर बड़े एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग कार्यक्रम का भी लोगों ने सीधा प्रसारण देखा। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में चल रही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार का सपना स्वस्थ और हेल्दी झारखंड बनाने की है और इस सपने को पूरा करने में योग सहायक बनेगा।अपने संबोधन के दौरान उन्होंने मंच पर मौजूद भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री सीपी सिंह को हर दिन योग करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि इससे न केवल मानसिक तनाव से आप मुक्ति पाएंगे बल्कि आपके दिलो-दिमाग में अच्छी बातें आएंगी।
रांची विधायक सीपी सिंह ने राजकीय कार्यक्रम के दौरान कहा कि योग के बारे में जानकारी लोगों को बहुत पहले से थी लेकिन अगर ईमानदारी से कहा जाए तो इसे प्रत्येक दिन करने का अभ्यास और पूरे देश को इससे परिचय कराने का काम बाबा रामदेव ने किया. जब टेलीविजन पर योग के कार्यक्रम आने लगा तो मैं देखता था कि लोग ट्रेन के अंदर भी प्राणायाम करने लग जाते थे. आपको हर जगह दोनों उंगलियों को रगड़ते लोग मिल जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी बनें तो उन्होंने पूरे पूरे विश्व के पटल पर योग को लाने का काम किया. पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में इसे 21 जून को मनाया जाने लगा।योग करने से मन और तन स्वस्थ रहता है.”योग भगाए रोग” और यह भी कहा जाता है कि ऐसे भी “हेल्थ इज वेल्थ”. इसलिए हर व्यक्ति को योग और प्राणायाम करना चाहिए और इसमें कई विधियां हैं।
विधायक सीपी सिंह ने कहा कि जब हम सूर्य नमस्कार करते हैं तो पूरा शरीर ऊर्जान्वित होता है. कपालभाति, अनुलोम-विलोम और कई आसन करते हो या कपालभाति का करते हो अनुभव-विलोम करते हो, कई आसन भी है जिसमें भुजंगासन लेकर मत्स्य आसन तक है. सीपी सिंह ने कहा कि सिर्फ आज ही नहीं बल्कि अपने रूटीन यानी दिनचर्या में प्रत्येक दिन इसे शामिल करें।
बारिश के कारण सभी आसन नहीं हो पाया : योग प्रशिक्षक डॉक्टर अर्चना कुमारी ने जैसे ही योगाभ्यास शुरू किया कुछ ही देर में बारिश की फुहार असमान से गिरने लगी। इस बारिश में भी लोगों ने योग कार्यक्रम को नहीं छोड़ा। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी,बीजेपी विधायक सीपी सिंह सहित तमाम अधिकारी डटे रहे। वहीं तेज बारिश होने पर योग प्रशिक्षक ने चार से पांच आसन करवा कर योगाभ्यास समाप्त किया। वहीं योगाभ्यास करने पहुंची कुछ महिलाओं से बात करने पर कहा कि नियमित योग करने से तन और मन दोनों स्वास्थ्य रहता है। इसके साथ ही मोटापा भी जल्दी नहीं आता है। वर्तमान समय के भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के पास समय नहीं होता है। लेकिन स्वास्थ्य रहने के लिए योग जरूरी है।



