11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

रांची: श्रीराम टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में शनिवार को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उल्लासपूर्ण वातावरण में महाविद्यालय के मल्टीपरपज़ हॉल में मनाया गया। इस वर्ष की थीम “योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बी.एड. एवं डी.एल.एड. के समस्त प्रशिक्षु छात्र-छात्राएँ, शिक्षकगण एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के सचिव श्री विकास सिन्हा के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुआ।उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक लचीलापन नहीं, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, सकारात्मकता और संतुलन का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि नियमित योगाभ्यास उन्हें न केवल एक अच्छा विद्यार्थी, बल्कि एक स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक भी बना सकता है। साथ ही उन्होंने योग को आधुनिक जीवन की अनिवार्यता बताया और इसे विद्यालयी शिक्षा का अभिन्न अंग मानने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्राचार्य डॉ. आनंद मोय ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को योग को जीवनशैली में अपनाने की प्रेरणा दी तथा इसे मानसिक संतुलन और तनावमुक्त जीवन का आधार बताया। प्रेरक उद्बोधनों के पश्चात प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने योग प्रशिक्षक की देखरेख में ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति आदि विविध योग क्रियाओं का अभ्यास किया। छात्र-छात्राओं ने पूर्ण अनुशासन व समर्पण के साथ इन क्रियाओं को संपन्न किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के डीन डॉ. सुरजीत सिंह ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि कहा कि महाविद्यालय भविष्य में इस प्रकार के और भी आयोजनों द्वारा विद्यार्थियों में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *