गेमर्स बनेंगे डिजिटल शांति के प्रहरीगेमर्स बनेंगे डिजिटल शांति के प्रहरी
रांची: अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस की पूर्व संध्या पर लेवल-7 स्काईलाइन स्थित साइबरपीस कैफे से नेशनल साइबरपीस ईस्पोर्ट्स लीग (सीईएल) 10.0 की राष्ट्रीय यात्रा शुरू हुई। साइबरपीस ने कर्टेन रेजर के साथ लीग का शुभारंभ किया। इसका मुख्य आयोजन 31 अक्टूबर को नई दिल्ली में होगा।
इस वर्ष शांति दिवस की थीम ‘शांति में निवेश : सबके लिए, हर जगह, हर दिन’ को केंद्र में रखते हुए लीग के जरिए गेमर्स को डिजिटल शांति और सुरक्षित साइबर समुदाय के प्रहरी के रूप में तैयार करने का संदेश दिया गया। पहल का फोकस एथिकल गेमिंग, जिम्मेदार खेल और मजबूत डिजिटल समुदाय पर है।
साइबरपीस के अनुसार स्कैम, वित्तीय धोखाधड़ी, साइबरबुलिंग, डीपफेक और भ्रामक सूचनाओं जैसी चुनौतियों से निपटने में गेमर्स की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। गेमिंग से विकसित टीमवर्क, रणनीतिक सोच, त्वरित निर्णय और संवाद जैसे कौशल को साइबर सुरक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
साइबरपीस के संस्थापक एवं ग्लोबल प्रेसिडेंट मेजर विनीत कुमार ने कहा कि सीईएल 10.0 के माध्यम से गेमर्स को साइबरपीस कीपर्स और साइबर फर्स्ट रिस्पांडर्स बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कर्टेन रेजर में फ्री फायर मैक्स स्क्वाड टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं। चार ग्रुपों की शीर्ष तीन-तीन टीमें 12-टीम ग्रैंड फाइनल में पहुंचेंगी। आयोजन में फेयर-प्ले, एंटी-चीट नियम और नाबालिगों के लिए अभिभावकीय सहमति जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।


