सुदेश महतो ने कुड़मी समाज की एकता और विकास पर दिया जोर

रांची : पुरुलिया के कोड़ाडीह मैदान में रविवार को कुड़मी समाज का ऐतिहासिक ‘करम परबतीया महा जड़ूआही’ आयोजित हुआ। इसमें पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने समाज की एकता, शिक्षा, आर्थिक विकास और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
सुदेश महतो ने कहा कि समाज की एकता ही सबसे बड़ी ताकत है। कुड़मी समाज को अपना सामाजिक दायरा बढ़ाते हुए सभी वर्गों के साथ संवाद, सहयोग और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती केवल संख्या से नहीं, बल्कि शिक्षा, संगठन और सामाजिक चेतना से तय होती है।
उन्होंने कुड़मी समाज की भाषा, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने की जरूरत बताते हुए कहा कि करम पर्व प्रकृति, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। नई पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जोड़ना जरूरी है।
सुदेश महतो ने कहा कि समाज की पहचान, भाषा और अधिकारों से जुड़े विषय केंद्र सरकार के समक्ष भी रखे गए हैं। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों और नेतृत्व में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *