विक्रमशिला महोत्सव 2026 की तैयारियां शुरू, 13 से 15 मार्च तक होगा भव्य आयोजन
भागलपुर। प्राचीन शिक्षा, संस्कृति और गौरवशाली विरासत के प्रतीक विक्रमशिला महोत्सव को भव्य और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को भागलपुर स्थित समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कहलगांव एवं पीरपैंती के माननीय विधायक, नगर पुलिस अधीक्षक भागलपुर, उप विकास आयुक्त सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, कहलगांव ने जानकारी दी कि विक्रमशिला महोत्सव के आयोजन हेतु पर्यटन विभाग, बिहार सरकार द्वारा वित्तीय आवंटन उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष महोत्सव का आयोजन तीन दिनों तक किया गया था, जिसमें एक दिन के कलाकारों के व्यय का वहन एनटीपीसी, कहलगांव द्वारा किया गया था।
विस्तृत विचार-विमर्श के बाद बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि विक्रमशिला महोत्सव का आयोजन 13, 14 एवं 15 मार्च 2026 को किया जाएगा। इस बार महोत्सव को और अधिक समावेशी एवं आकर्षक स्वरूप देने पर विशेष बल दिया गया।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा विशेष मंच
बैठक में यह तय किया गया कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही क्षेत्र के आदिवासी कलाकारों को भी विशेष अवसर प्रदान किया जाएगा, ताकि उनकी लोकसंस्कृति और परंपराओं को व्यापक मंच मिल सके।
इसके अतिरिक्त स्कूली बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय तथा किलकारी से जुड़े बच्चों को मंच प्रदान करने का निर्णय लिया गया, जिससे बाल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके। वहीं कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के ख्यातिप्राप्त कलाकारों की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र होगी।
जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
महोत्सव को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार की रणनीति बनाई गई। निर्णय लिया गया कि आयोजन की सफलता के लिए प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी।
प्रखंड के सभी विद्यालयों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी तथा प्रखंड स्तर पर मोटरसाइकिल मार्च का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सांस्कृतिक उत्सव से जुड़ सकें।
स्थानीय उत्पादों और प्रचार पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जीएम, डीआईसी को निर्देश दिया कि महोत्सव स्थल पर स्थानीय खाद्य सामग्री के स्टॉल लगवाए जाएं, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल सके। साथ ही विक्रमशिला महोत्सव के प्रचार हेतु विभिन्न स्थानों पर पोस्टर और बैनर लगाए जाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कहलगांव के जनप्रतिनिधियों ने भी महोत्सव को और बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर प्रशासन द्वारा सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया गया।



