भागलपुर की 14 अहम परियोजनाओं पर तेज़ होगी भू-अर्जन प्रक्रिया, डीएम ने अधिकारियों को दी सख्त निगरानी की जिम्मेदारी

भागलपुर। जिले में चल रही बड़ी विकास योजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में जिला भू-अर्जन कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें तीनों अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता तथा सभी अंचल अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भागलपुर में विभिन्न विभागों की कुल 14 प्रमुख परियोजनाओं के लिए भू-अर्जन की कार्रवाई जारी है, लेकिन जमीन सर्वेक्षण के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं हो पा रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अब अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भू-अर्जन मामलों की सीधी निगरानी और अनुश्रवण की जिम्मेदारी सौंपी।

समीक्षा के दौरान NH-133, एकचारी – महगामा पथ, पीरपैंती थर्मल पावर परियोजना, कटारिया – विक्रमशिला रेल लाइन, गोराडीह औद्योगिक क्षेत्र, बधुआ जलाशय योजना, अंतर्राज्यीय बस स्टैंड, गंगा पथ परियोजना और प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट सहित अन्य योजनाओं की जमीन अधिग्रहण स्थिति पर क्रमवार चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि 5 से 6 दिनों के भीतर सभी भू-धारकों का सर्वे पूरा कर लिया जाए। साथ ही प्रत्येक परियोजना के लिए जमाबंदी नंबर, खाता और खेसरा से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *