उपायुक्त का राशन डीलरों को संदेश : टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाएं, गाँवों में फैलाव रोकें

गणादेश,रांची : रांची जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को आर्यभट्ट सभागार, मोरहाबादी में खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम गोपाल पांडे समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।

उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवन रेखा है। उन्होंने राशन डीलरों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को समय पर निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराएं। किसी भी लाभुक से दुर्व्यवहार या कम अनाज देने की शिकायत मिलने पर संबंधित डीलर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूरा करने और राशन वितरण का तय दिन निर्धारित करने का भी निर्देश दिया।

कार्यशाला में उपायुक्त ने कहा कि राशन डीलर केवल वितरणकर्ता नहीं, बल्कि समाज के परिवर्तनकारी प्रतिनिधि हैं। उन्होंने डीलरों से नशा मुक्ति और टीबी जागरूकता अभियान में भाग लेने की अपील की। कहा कि ग्रामीणों को टीबी के लक्षणों की जानकारी दें और उन्हें सरकारी अस्पतालों में मुफ्त जांच व इलाज के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भूखा न रहे और रांची जिला पूरे देश में आदर्श बने। उपायुक्त ने आगामी 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती को भव्य रूप से मनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *