वीर शिरोमणि बाबा चौहरमल जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया

लातेहार: लातेहार में वीर बाबा चौहरमल कल्याण समिति, जिला गढ़वा पासवान परिवार के तत्वाधान में वीर शिरोमणि बाबा चौहरमल जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम और पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने बाबा चौहरमल के जीवन और उनके संघर्षों को याद करते हुए कहा कि वे पीड़ित, वंचित और शोषित समाज के सच्चे रक्षक थे। उन्होंने अपनी वीरता, न्यायप्रियता और अडिग संकल्प के बल पर सामाजिक असमानताओं के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन साहस, त्याग और समाज के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है।
वक्ताओं ने कहा कि बाबा चौहरमल ने समाज के लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और एकजुट होकर संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान देश की महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सभी ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए और श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *