जेडीयू में सियासी भूकंप, जेडीयू के भौकाली विधायक गोपाल मंडल समेत पांच दिग्गज बाहर, ‘अनुशासन’ के नाम पर बड़ी सर्जरी
भागलपुर। बिहार की सियासत में रविवार का दिन हलचल से भरा रहा। चुनावी वर्ष 2025 की आहट के बीच जनता दल (यूनाइटेड) ने अपनी ही टीम में ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करते हुए पांच नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। सबसे बड़ा नाम – मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भरोसेमंद और हमेशा सुर्खियों में रहने वाले गोपालपुर के विधायक गोपाल मंडल का है। यानी जदयू के भौकाली विधायक पार्टी से बाहर कर दिए गए हैं। मालूम हो कि विधायक गोपाल का टिकट कटने के बाद वे फ़िलहाल गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से ही निर्दलीय ताल ठोंक दिया है। जबकि यहां से जेडीयू ने शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। टिकट कटने की भनक लगने के बाद विधायक मुख्यमंत्री आवास के सामने धरना पर भी बैठे थे। जिद एक ही थी कि मुझे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलना है। उनकी यह ख्वाहिश अंततः पूरी नहीं हुई।
जेडीयू ने यह कार्रवाई “पार्टी विरोधी गतिविधियों” और “अनुशासनहीन आचरण” के आरोपों में की है।
प्रदेश महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी चंदन कुमार सिंह के हस्ताक्षर से जारी आदेश पत्र में साफ लिखा गया है कि ये सभी नेता संगठन की विचारधारा से भटक गए थे, इसलिए इनकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाती है।
निष्कासित नेताओं की सूची —
- नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल, विधायक, गोपालपुर (भागलपुर)
- हिमराज सिंह, पूर्व मंत्री, कदवा (कटिहार)
- संजीत श्याम सिंह, पूर्व विधायक, गया जी
- महेश्वर प्रसाद यादव, पूर्व विधायक, गयाघाट (मुजफ्फरपुर)
- प्रभात किरण, गयाघाट, मुजफ्फरपुर
क्या है सियासी मतलब?
नीतीश कुमार की पार्टी के इस “सख्त फैसले” ने प्रदेश की राजनीति में नई सुगबुगाहट पैदा कर दी है। चुनावी मैदान में उतरने से ठीक पहले की गई यह कार्रवाई संकेत दे रही है कि जेडीयू अब अनुशासन और छवि के मुद्दे पर किसी भी तरह की “ढिलाई” नहीं बरतेगी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह सिर्फ़ शुरुआत है। आने वाले दिनों में पार्टी और भी “सफाई अभियान” चला सकती है।
क्या जेडीयू की यह कड़ी कार्रवाई चुनावी रणनीति का हिस्सा है या असंतोष को ठंडा करने की कोशिश? फिलहाल इतना तय है कि गोपाल मंडल जैसे बयानों से चर्चा में रहने वाले नेता की विदाई ने पूरे बिहार में सियासी तापमान बढ़ा दिया है।



