लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ ललपनिया राजकीय महोत्सव के तैयारियों की डीसी ने की समीक्षा
बोकारो :उपायुक्त अजय नाथ झा ने लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ ललपनिया राजकीय महोत्सव के तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि महोत्सव जिले की जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है, इसलिए इसकी तैयारियों में किसी भी प्रकार की कोई चूक नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य आगामी 2 नवंबर से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएं ताकि महोत्सव के आयोजन में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आए।उपायुक्त ने अब तक हुए कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और कहा कि स्थल स्तर पर कार्यों की सतत मॉनिटरिंग आवश्यक है। उन्होंने एसडीओ बेरमो, गोमिया बीडीओ सीओ को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से कार्य प्रगति का जायजा लें और पूजा आयोजन समिति की दोनों टीमों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें। उन्होंने ट्रैफिक वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर चास एसडीओ को भी जरूरी दिशआ निर्देश दिया।उपायुक्त ने टैंट सिटी और पुनय थान परिसर के आसपास पंडाल निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, माइकिंग एवं सजावट को लेकर आधारभूत संरचना का कार्य शुरू करें। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी निर्माण एवं साज-सज्जा का कार्य जनजातीय परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए किया जाए, जिससे महोत्सव का मूल स्वरूप बना रहे।महोत्सव को लेकर वाहन, भोजन, आवासन, स्वागत, उद्घाटन और समापन समारोह से संबंधित विभिन्न कोषांगों का गठन किया गया है। प्रत्येक कोषांग के नोडल पदाधिकारी को उनके दायित्वों के निर्वहन हेतु निर्देशित किया। उपायुक्त ने सभी नोडल अधिकारियों से कहा कि वे अपनी टीम के साथ बैठक करें, कार्यों की चेक लिस्ट तैयार करें, और समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें।महोत्सव के दौरान आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव पेंटिंग, ओपन कल्चरल टीम प्रदर्शन तथा पारंपरिक नृत्य-गीतों का आयोजन किया जाएगा। जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रवेश मार्गों पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्वागत द्वारों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है, ताकि आने वाले अतिथियों को जिले की संस्कृति और परंपरा का प्रथम अनुभव प्राप्त हो।उपायुक्त ने यह भी कहा कि महोत्सव स्थल पर स्वच्छता, पेयजल और चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता पर हो। नगर निकाय, नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग को महोत्सव के दौरान स्वच्छता अभियान, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस सेवा की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिलेवासियों और आयोजन समिति के सदस्यों से अपील की कि वे मिलकर इस आयोजन को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ महोत्सव हमारी जनजातीय आस्था और अस्मिता का प्रतीक है। यह पर्व हमारे जिले की गौरवशाली परंपरा को पूरे राज्य और देश में पहचान दिलाता है। सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मिल जुलकर इसे भव्य और सफल बनाएं।मौके पर जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, आइटी मैनेजर संजय कुमार एवं वीडियो संवाद के माध्यम से जिला स्तरीय, अनुमंडल स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

