खूंटी में पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, मुख्य शूटर सहित 6 आरोपी गिरफ्तार,शहर में कराया परेड

lखूंटी: खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुवादाग तालाब के समीप पड़हा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल दो शूटर, साजिशकर्ता सहित कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले इस कांड में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
बुधवार को एसपी मनीष टोप्पो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले की जानकारी साझा किया।
एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मेरे दिशा निर्देश में और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। SIT की त्वरित और सटीक कार्रवाई से पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है। जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की जड़ में लंबे समय से चला आ रहा जमीन विवाद और अवैध जमीन कारोबार है। मुख्य साजिशकर्ता दानियल संगा का मृतक सोमा मुंडा के साथ करीब 10–12 वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमा मुंडा द्वारा CNT और गैर-मजरुआ जमीन की अवैध खरीद-बिक्री का लगातार विरोध किया जा रहा था, जिससे कई जमीन कारोबारी नाराज थे।
दिसंबर 2025 में ग्राम जियारप्पा की 32 एकड़ जमीन पर ग्रामसभा द्वारा कब्जा रोके जाने के बाद विवाद और गहराया। ग्रामसभा द्वारा पुनः सिलापट्ट लगाने के निर्णय से आक्रोशित जमीन कारोबारियों और आरोपियों ने मिलकर सोमा मुंडा की हत्या की साजिश रची। क्रिसमस के आसपास दानियल संगा को देशी पिस्टल उपलब्ध कराई गई।
7 जनवरी 2026 को सोमा मुंडा की गतिविधियों की रेकी कर सुमित दगल सांड और मारकुस संगा ने जमुवादाग तालाब के पास गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने छापेमारी कर हत्या में प्रयुक्त हथियार, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए।
पुलिस ने बताया कि कांड में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले सभी गिरफ्तार आरोपियों को शहर में परेड कराया गया। प्रेसवार्ता में डीएसपी वरुण रजक,खूंटी थाना प्रभारी सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *