बिरसा कॉलेज खूंटी में मतदाता जागरूकता रैली, गुलाब का फूल देकर मतदाताओं को किया गया जागरूक

खूंटी: भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी स्थित बिरसा कॉलेज में बुधवार को मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का नेतृत्व कॉलेज के प्राचार्य चंद्रकिशोर भगत ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं, विशेषकर युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। रैली में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर लोकतंत्र के प्रति अपनी सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
रैली की शुरुआत प्राचार्य चंद्रकिशोर भगत द्वारा छात्र-छात्राओं को गुलाब का फूल देकर की गई। उन्होंने कहा कि झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा हो चुकी है और ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे। उन्होंने कहा कि कॉलेज के छात्र-छात्राएं समाज का जागरूक वर्ग हैं। यदि इन्हें मतदान के महत्व की जानकारी दी जाए, तो वे अपने परिवार, गांव और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित कर सकते हैं। इसी सोच के साथ मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया है।
इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक राजकुमार गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका सबसे अहम होती है। एक-एक वोट से ही सरकार और जनप्रतिनिधियों का चयन होता है। इसलिए समाज में मतदान को लेकर जागरूकता फैलाना आवश्यक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे बिना किसी भय और प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं को मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। वहीं सोमारी कुमारी, फुलमनी टोप्पो, अनीता कच्छप, मनोज कुमार सहित कई विद्यार्थियों ने कहा कि मतदान हमारा संवैधानिक अधिकार है और वे समाज के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *