खूंटी में 19 से 26 मार्च तक चलनेवाले हॉकी प्रतियोगिता में 9 राज्यों के खिलाड़ी भाग लेंगे

खूंटी : उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में ईस्ट जोन राष्ट्रीय बालक/ बालिका हॉकी प्रतियोगिता की तैयारी को लेकर बैठक हुई।
बैठक में मुख्य रूप से खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इसमें भाग ले रहे खिलाड़ियों की सुविधा के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उनके आवासन की उचित व्यवस्था व इसे लेकर की गई तयारियों के संबंध में चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी को विधि व्यवस्था व अन्य आवश्यक तैयारियों के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खूंटी जिले में इस प्रतियोगिता के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को भी सहयोग मिलेगा और खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस प्रतियोगिता में 13 टीमें भाग लेंगी जिसमें 273 प्रतिभागी, एम्पायर एवं प्रशिक्षक शामिल हैं।
सभी खिलाड़ियों की सुविधा के लिए सभी प्रकार की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश उपायुक्त ने दिए। साथ ही विभिन्न राज्यों से आ रहे खिलाड़ियों को भगवान बिरसा मुंडा की ऐतिहासिक जन्मस्थली का भ्रमण कराया जाएगा।
ब्लू एस्ट्रोटर्फ में राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा का बेहतर विकास होगा। राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ब्लू एस्ट्रोटर्फ के बनने से जिले में पहली बार अंतरराज्यीय हॉकी मैच का आयोजन किया जा रहा है। 19 मार्च से 26 मार्च तक चलनेवाले हॉकी प्रतियोगिता में 9 राज्यों के खिलाड़ी भाग लेंगे।

खूंटी जिला प्रशासन ने 8 दिनों तक चलने वाले खेलो इंडिया की तैयारी लगभग पूर्ण कर ली है। यह खूंटी जिले के लिए गौरवपूर्ण अवसर है। खूंटी जिले में दो ब्लू एस्ट्रोटर्फ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाए गए हैं।

हॉकी के लिए पूर्व से ही खूंटी जिला प्रसिद्ध रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खूंटी की निक्की प्रधान सहित कई अंतरर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अपनी पहचान बना चुके हैं। पूर्वी जोन के खिलाड़ियों के बीच चलने वाले प्रतियोगिता से प्रतिभाओं को और निखरने का अवसर मिलेगा।
बैठक में उपरोक्त के अलावा उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत, जिला खेल पदाधिकारी, अध्यक्ष हॉकी खूंटी, सदस्य दशरथ महतो सहित हॉकी खूंटी के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *