लातेहार प्रखंड के चिन्हित पंचायतों में आयोजित शिविर में 1105 जरूरतमंद लोगों के बीच चश्मा का वितरण किया गया…
लातेहार :उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार को लातेहार प्रखंड के परसही पंचायत सचिवालय में लेंस कार्ट फाउन्डेशन द्वारा एक दिवसीय निःशुल्क चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद, गणमान्य व्यक्तियों एवं उपस्थित पदाधिकारियों के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त के द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि उपायुक्त के मार्ग दर्शन में लातेहार प्रखंड के चिन्हित पंचायतो में लेंस कार्ट फाउन्डेशन, दिल्ली के द्वारा आयोजित पांच दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में कुल 1,800 लोगों का रजिस्ट्रेशन कर नेत्र परीक्षण किया गया था। विशेषज्ञ के जांच के आधार पर जिन व्यक्तियों को चश्मा की आवश्यकता पाई गई थी आज इस शिविर में उनके बीच चश्मा का वितरण किया जाएगा।
यह पहल लोगों को बेहतर दृष्टि प्रदान करने और उनकी जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने के उद्देश्य से की गई है। आगे उन्होंने कहा कि नेत्र हमारे शरीर का महत्वपूर्ण अंग है इसलिए हमें उनकी देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। समय-समय पर अपनी आंखों की जांच करवानी चाहिए। यदि समय पर उपचार किया जाए तो अंधापन से बचा जा सकता है।
उप विकास आयुक्त के द्वारा मौके पर उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति एवं मादक पदार्थों के रोकथाम हेतु शपथ ग्रहण करवाया गया। 10 से 26 जून तक चल रहे राज्यव्यापी नशामुक्ति अभियान के तहत जिले में नशा के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता को सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
परसही पंचायत में आयोजित शिविर में उप विकास आयुक्त के द्वारा कुल 252 जरूरतमंद लोगों के बीच चश्मा का वितरण किया गया।
सासंग पंचायत में आयोजित शिविर में कुल 218, नवागढ़ पंचायत में आयोजित शिविर में कुल 230, पांडेपुरा पंचायत में आयोजित शिविर में कुल 205, मोंगर पंचायत में आयोजित शिविर में कुल 200 मरीजों के बीच चश्मा का वितरण किया गया।
लातेहार प्रखंड के चिन्हित पंचायतों में आयोजित शिविर में कुल 1105 लोगों के बीच चश्मा का वितरण किया गया।
मौके पर उप सिविल सर्जन डॉ अवधेश कुमार सिंह, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी श्री श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, लातेहार श्री मनोज कुमार तिवारी, अंचल अधिकारी श्री अरविंद देवाशीष टोप्पो, जेएसएलपीएस डीपीएम श्री संतोष कुमार, जिला परिषद सदस्य श्री विनोद उरांव, प्रखंड प्रमुख श्री परशुराम लोहरा, मुखिया श्रीमती अनिता देवी, पंचायत समिति सदस्य श्रीमती रीता देवी, नेत्र रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा विभाग के कर्मी उपस्थित थे।



