चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के कार्यकारिणी समिति एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पदों के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया रविवार से शुरू
रांची :फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के कार्यकारिणी समिति एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पदों के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया रविवार से शुरू हो रही है। नामांकन 7 एवं 8 सितंबर को चैम्बर कार्यालय में सुबह 11 बजे से कार्यालय अवधि तक जमा किया जा सकेगा। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 8 सितंबर की शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है। समस्त नामांकनों की स्क्रूटनी 8 सितंबर को शाम 4 बजे से होगी। नामांकन शुल्क 5000 रूपए और 18% जीएसटी (अतिरिक्त) के साथ देय होगा।
चुनाव पदाधिकारी एवं चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष बिकास सिंह और पवन शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि केवल वे डायरेक्ट सदस्य, जिन्होंने चैम्बर की सदस्यता लिए न्यूनतम एक वर्ष पूर्ण कर लिया है, चुनाव में उम्मीदवार बन सकते हैं। प्रत्याशी को अपने नामांकन के साथ वैध डायरेक्टर आइडेंटिफिकेशन नंबर (डिन नंबर), डीआईआर-2 तथा डीआईआर-8 फॉर्म संलग्न करना अनिवार्य है। बिना वैध डीन नंबर एवं सदस्यता शुल्क बकाया रहने की स्थिति में नामांकन स्वतः निरस्त हो जाएगा। प्रत्याशियों के नामांकन प्रपत्र पर प्रपोजर-सेकेंडर भी वही सदस्य करेंगे जिन्होंने चैम्बर की सदस्यता एक वर्ष पूर्ण कर ली हो तथा उनका सदस्यता शुल्क बकाया न हो। विदित हो कि सत्र 2025-26 के लिए कुल 21 कार्यकारिणी समिति सदस्य और 6 क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का चुनाव किया जायेगा।



