भागलपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत, एक की हालत गंभीर

भागलपुर। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में बाढ़ के पानी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। यह घटना शनिवार को रत्तीपुर बैरिया पंचायत स्थित अजमेरीपुर गांव के रसीदपुर घाट के पास हुई। इस हादसे में एक अन्य बच्चा गंभीर है। जिसका इलाज अस्पताल में किया जा रहा है। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार अजमेरीपुर गांव के रहने वाले तीन बच्चे 14 वर्षीय राजा कुमार (पिता: लक्ष्मी मंडल), 12 वर्षीय रामू कुमार (पिता: गोपी मंडल) और 13 वर्षीय प्रवीण मंडल (पिता‌ प्रवीण मंडल) – दोपहर में रसीदपुर पुल के पास जमुनिया नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान, पानी के तेज बहाव में तीनों बच्चे बहने लगे। देखते ही किनारे पर चीख – पुकार होने लगी।
​घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों की मदद से तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। तब तक राजा कुमार व रामू कुमार की सांसों की डोर टूट चुकी थी। इधर ग्रामीणों ने फ़ौरन इस घटना की सूचना नाथनगर पुलिस को दी। सूचना पाकर नाथनगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह मौके पर पहुंचे। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने दो बच्चे की मौत की पुष्टि की है।

इधर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गाड़ी की व्यवस्था नही होने की स्थिति में परिजन द्वारा गंभीर हालत में प्रवीण मंडल (13) को कंधे पर लादकर अस्पताल पहुंचाया गया। इस दुखद घटना से ग्रामीणों में डर समा गया है। वहीं मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण नदी और जलाशयों का जलस्तर काफी बढ़ गया है।जिससे ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। ग्रामीण प्रशासन से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *