झारखंड में अपराधियों का तांडव, पिछले 20 घंटे में दो लोगों की हत्या दो घायल

रांची। झारखंड में अपराधियों का तांडव जारी है।पिछले 20 घंटे में राज्य के 3 अलग-अलग जिलों में गोली चली है। इसमें 2 लोगों की मौत हुई है। 2 लोग घायल हुए हैं। रांची के तुपुदाना इलाके में महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सरायकेला-खरसावां में फुटबॉल मैच के बाद ग्रामीण को गोली मार दी गई। इलाज के लिए ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं धनबाद में कोयले के काले कारोबार पर वर्चस्व के लिए 2 युवकों को गोली मारी गई है। इसमें दोनों की हालत गंभीर है। पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है।सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना अंतर्गत दुलमी में बेखौफ अपराधियों ने चौका थाना पुलिस की मुश्तैदी को खुली चुनौती देते हुए फुटबॉल मैच के दौरान 42 वर्षीय व्यक्ति को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन- फानन में इलाज के लिए जमशेदुपर के TMH ले जाया गया। इस दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुबोध सिंह सरदार के रूप में हुई है। मृतक आजसू पार्टी का नेता बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। घटना को गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है।
राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के 10 माइल चौक के पास शुक्रवार की देररात एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला का नाम लिली प्रफुल खाखा बताया जा रहा है। हत्या का आरोप महिला के भाई पर लगा है। पुलिस मामले को जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला को 5 वर्ष के बेटे के सामने ही गोली मारी। पुलिस को बच्चे ने बताया कि उसकी मां की हत्या उसके मामा ने कर दी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
कोयले के काले कारोबार में बर्चस्व को लेकर गोशाला बाजार का शिव मंदिर रोड शुक्रवार की रात लगभग दस बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। बाइक सवार दो युवकों ने गोशाला शिव मंदिर सड़क पर 32 वर्षीय टिंकू यादव और 30 वर्षीय रोहित संदीप को गोली मार दी। इसके बाद फरार हो गए। दोनों की हालत गंभीर है। घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चासनाला ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने इन्हें एसएनएमएमसीएच में रेफर कर दिया। दोनों को गोली मारे जाने के बाद शिव मंदिर रोड में दहशत व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *