डीसी के जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, कई मामलों में जांच के आदेश

रांची : उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में सोमवार को फरियादियों की भीड़ उमड़ी। जिले के विभिन्न प्रखंडों व अंचलों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने न केवल शिकायतें सुनीं, बल्कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। कई मामलों में जांच के आदेश दिए गए और कुछ को शोकॉज किया गया।

जनता दरबार में सुजाता सेन ने अपने कैंसर पीड़ित पति राधानाथ मालाकार के इलाज की समस्या रखी। उपायुक्त ने तुरंत सिविल सर्जन से बात कर मुख्यमंत्री गंभीर असाध्य रोग योजना के तहत इलाज शुरू करने का निर्देश दिया। वहीं, रातू अंचल में आदेश के बावजूद म्यूटेशन नहीं करने पर सीओ रवि कुमार को शोकॉज करने का आदेश दिया गया। कांके अंचल में दाखिल-खारिज खारिज किए जाने के मामले में अपर समाहर्त्ता को जांच सौंपी गई।

अनगड़ा अंचल में आवेदक को बेवजह परेशान करने पर संबंधित कर्मचारी को शोकॉज करने के निर्देश दिए गए। ईटकी अंचल में एक डीड पर दो जमाबंदी के मामले में जांच का आदेश दिया गया। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को ऑनलाइन माध्यम से जनता दरबार से जोड़ा और निर्देश दिया कि सभी आवेदन का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *