अफीम कारोबार का भंडाफोड़, 938 किलो डोडा बरामद, दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
गणादेश,खूंटी : जिले की अड़की थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम तुयुगूटू टोला गुगरीपीढ़ी स्थित एक घर में बड़े पैमाने पर डोडा (अफीम का अवशेष) छुपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक राम प्रवेश कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। इस दल में पुलिस निरीक्षक खूंटी अंचल किशुन दास, थाना प्रभारी मुरहू रामदेव यादव, थाना प्रभारी अड़की प्रवीण कुमार तिवारी, पु.अ.नि. कुंदन कुमार और अड़की थाना का सशस्त्र बल शामिल थे।
छापामारी टीम जब दोपहर करीब 2 बजे गांव पहुंची तो पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति घर से भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम सुखराम नाग उर्फ मालु (उम्र 28 वर्ष) बताया। वह मूल रूप से ग्राम रुताडीह, थाना व जिला खूंटी का निवासी है और वर्तमान में अपने ननिहाल तुयुगूटू टोला गुगरीपीढ़ी में रहता है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने मामा बिरसा नाग (पिता- बुदु नाग, ग्राम- तुयुगूटू टोला, थाना- अड़की, जिला- खूंटी) के साथ मिलकर डोडा एवं अफीम का अवैध कारोबार करता है।
पुलिस ने छापामारी के दौरान मौके से 50 बोरा डोडा बरामद किया, जिसका कुल वजन 938.33 किलोग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 40 लाख 74 हजार 950 रुपये आंकी गई है।
इस मामले में अड़की थाना कांड संख्या- 53/25, दिनांक- 29.09.2025, धारा 15(सी)/22/25 एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।



