बिहार में विकास नहीं हो रहा, नीतीश सरकार शरिया कानून लागू कर रही : गिरिराज

मुजफ्फरपुर : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आज बिहार की महागठबंधन सरकार पर जमकर हमला बोला। शनिवार को एमपी/एमएलए कोर्ट से बरी होने के बाद भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार में विकास नहीं हो रहा है। यहां रमजान और सीमांचल में शुक्रवार को छुट्टी देने का काम हो रहा है। नीतीश सरकार बिहार में शरिया कानून लागू कर रही है।
उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार की नाक के नीचे पापुलर फ्रंट आफ इंडिया (PFI) इस्लामिक इंडिया के मिशन पर काम कर रहा था, लेकिन उन्हें यह याद रखने की जरूरत है कि बिहार सनातनियों की जमीन है।वसुधैव कुटुंबकम यहां के संस्कार में है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि केंद्र ने आवास योजना के लिए राशि दी, मगर 1.60 लाख गरीबों को आवास नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि 31 मार्च के बाद यह राशि वापस हो जाएगी। इसे दूसरे राज्य को आवंटित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार को छह हजार किमी सड़कों के लिए राशि दी गई, मगर लगभग एक हजार किमी सड़क ही बनी है। इसके अलावा अन्य योजनाओं में भी राशि खर्च नहीं हो रही। अमृत सरोवर का निर्माण नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर केंद्र राशि रोक दे तो बिहार का विकास ठप हो जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने अपने केस की तुलना कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के मुकदमे से की। उन्होंने कहा कि उनका केस आंदोलन का था, मगर राहुल गांधी ने नरेन्द्र मोदी के साथ देश के करोड़ों अति पिछड़ों को गाली देने का काम किया। जिन्हें ठेस लगी उन्होंने मुकदमा किया। कोर्ट ने मौका दिया, मगर राहुल ने माफी नहीं मांगी। उन्होंने देश के कानून को अपने अंदर समझा। कोर्ट ने सजा दी तो स्वाभाविक है कि कानून के तहत सदस्यता चली गई।
सात जन्म में राहुल सावरकर नहीं बन सकते,
राहुल के सावरकर द्वारा माफी मांगने के बयान पर गिरिराज सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सात जन्म लेकर भी वह सावरकर नहीं बन सकते। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि राहुल को यह बताना चाहिए कि वह कौन गांधी हैं?
लालू परिवार पर कार्रवाई से नीतीश खुश
गिरिराज सिंह ने कहा कि लालू परिवार पर कार्रवाई से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुश हैं। यह सभी जानते हैं कि यह केस किसने किया था। यह केस भाजपा ने नहीं किया था। नीतीश के एनडीए में आने के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनके लिए भाजपा का दरवाजा बंद हो गया है। भाजपा उन्हें अब कभी समर्थन नहीं देगी।
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष रंजन कुमार, कुढ़नी विधायक केदार प्रसाद गुप्ता और किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगन्नाथ आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *