पिठौरिया थाना क्षेत्र में बिजली तार चोरी का उद्भेदन, 4 गिरफ्तार, गिरोह का पर्दाफाश
रांची: पिठौरिया थाना क्षेत्र में बिजली तार और केबल चोरी के कई मामलों का रांची पुलिस ने उद्भेदन कर चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। घटना 18 अगस्त 2025 को श्रमिक उच्च विद्यालय कोनकी के परिसर से एनसीसी कंपनी द्वारा ठेकेदार को दिए गए 1500 मीटर बिजली केबल चोरी होने के बाद सामने आई थी। इसके अलावा पिछले एक माह में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से तीन अन्य केबल चोरी की घटनाएं भी दर्ज हुई थीं।
गिरफ्तार अपराधियों में शाहरूख खान, विकाश कुमार, दीपक कुमार और अली मोहम्मद अंसारी शामिल हैं। सभी ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि वे कई वर्षों से बिजली तार और केबल चोरी करने का काम कर रहे थे। उनके गिरोह में कबाड़ी वाला, पिकअप वाहन चालक और तार खरीदने वाले व्यक्ति भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि वे पहले गांवों में चोरी की रेकी करते और फिर सुनियोजित तरीके से तार चोरी कर कबाड़ी को बेच देते थे।
जांच के दौरान चोरी के तार परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन JH01FL-8088 की पहचान की गई, जिसे पहले से ही एक अन्य चोरी मामले में जप्त किया गया था। पुलिस अब शेष तीन फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी कर रही है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के अपराधिक पूर्ववृत की छानबीन भी जारी है।



