बीआईटी मेसरा में पांच दिवसीय एफडीपी संपन्न, ‘किसान साथी ऐप’ लॉन्च
रांची : बीआईटी मेसरा के इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित पांच दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम “इमर्जिंग कंट्रोल एंड डिजिटल टेक्नोलॉजीज फॉर सस्टेनेबल हरित ऊर्जा सिस्टम्स” का शुक्रवार को समापन हो गया। कार्यक्रम में देश के 16 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों सहित अमेरिका, सिंगापुर और स्विट्जरलैंड के विशेषज्ञों ने भाग लिया।
एफडीपी में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्मार्ट ग्रिड, रिन्यूएबल एनर्जी, डिजिटल कंट्रोल सिस्टम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और माइक्रोग्रिड जैसे विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना और कार्यवाहक कुलाधिपति डॉ. गौतम सारखेल के मार्गदर्शन में किया गया। समन्वयक डॉ. गौरी शंकर गुप्ता थे।
समापन समारोह में नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव, विभागाध्यक्ष डॉ. सुधांशु कुमार मिश्रा, डॉक्टर गौरीशंकर गुप्ता,प्रांशु पाटीदार और डॉ. सुरेंद्र कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बीआईटी मेसरा के अंतिम वर्ष के छात्र मयंक नारायण द्वारा विकसित बहुभाषी एग्रीटेक प्लेटफॉर्म ‘किसान साथी ऐप’ भी लॉन्च किया गया। डॉ. गौरी शंकर गुप्ता के मार्गदर्शन में विकसित यह ऐप किसानों को फसल स्वास्थ्य सलाह, मंडी भाव, मौसम जानकारी और कृषि परामर्श वॉयस-सक्षम इंटरफेस के माध्यम से उपलब्ध कराएगा।
प्रांशु पाटीदार इस परियोजना में सह-संस्थापक और लीड एंजेल इन्वेस्टर के रूप में जुड़े हैं। परियोजना को बीआईटी मेसरा इनक्यूबेशन सेंटर के माध्यम से समर्थन देने पर विचार किया जा रहा है। एफडीपी और ऐप लॉन्च को संस्थान में शोध, नवाचार और उद्योग सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



