स्कूल से लौट रहे तीन मासूमों कीआकाशीय बिजली गिरने से मौत, गांव में मातम
रांची : गुरुवार दोपहर राजधानी रांची के चान्हो प्रखंड अंतर्गत मूरतो स्थित होंदपिड़ी गांव में उस समय मातम पसर गया जब अचानक गिरी आकाशीय बिजली ने तीन मासूम स्कूली बच्चों की जान ले ली। यह हादसा लगभग दोपहर 3 बजे का है।
जानकारी के मुताबिक, सभी बच्चे स्कूल से पढ़ाई पूरी कर घर लौटे थे और गांव के पास ही खेल रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया। देखते ही देखते तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और तीनों बच्चे इसकी चपेट में आ गए। गांव वालों के दौड़कर पहुंचने से पहले ही बच्चों की मौके पर मौत हो चुकी थी।
घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि जिन बच्चों की मौत हुई है, वे अपने परिवारों के इकलौते सहारे थे। पिता-माता और परिजन बच्चों के शव से लिपटकर बार-बार बेहोश हो जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही चान्हो थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को आपदा राहत कोष से त्वरित मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बिजली गिरने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए गांवों में जागरूकता अभियान चलाने और बिजली से बचाव के उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान लगातार ऐसे हादसे हो रहे हैं और प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए।
गौरतलब है कि झारखंड में हर साल बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली से बड़ी संख्या में लोगों की जान जाती है। आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में हर साल सैकड़ों लोग इसकी चपेट में आकर जान गंवाते हैं।



