लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान में भागलपुर बिहार में पहले स्थान पर1,03,396 परिवारों को उत्प्रेरित कर कराया गया शौचालय निर्माण
भागलपुर। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत भागलपुर जिला बिहार राज्य में प्रथम स्थान पर स्थापित हो चुका है। जिले में 1,03,396 परिवारों को प्रेरित कर शौचालय निर्माण कराया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला प्रशासन ने बताया कि लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत भागलपुर जिले में किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया है। स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण (SSG) 2025 के तहत Citizen Feedback श्रेणी में भागलपुर ने 1,64,000 अंकों के साथ बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
गोबरधन योजना के तहत गोराडीह प्रखंड के ग्राम पंचायत बिशनपुर जिच्छो में 50 घरों को गोबर गैस (ईंधन) की आपूर्ति की जा रही है। इस योजना का संचालन एवं रख-रखाव जिला परिषद के 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत किया जा रहा है।
प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई (PWMU) की स्थापना जिले के चार प्रखंडों — गोपालपुर, कहलगांव, सबौर एवं सुलतानगंज — में की गई है। इन इकाइयों में गांवों एवं ग्राम पंचायतों में एकत्रित प्लास्टिक अपशिष्ट का प्रसंस्करण किया जाता है।
अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई (WPU) का निर्माण जिले के 203 ग्राम पंचायतों में किया जा चुका है। यहाँ सूखे एवं गीले कचरे का पृथक्करण कर उसका समुचित निपटान किया जाता है। गीले कचरे से जैविक खाद का निर्माण भी किया जाता है।
सामुदायिक स्वच्छता परिसर (CSC) का निर्माण जिले के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति बहुल टोलों में 262 स्थानों पर किया गया है। ये परिसर समुदाय को हस्तांतरित किए जा चुके हैं और इनका नियमित उपयोग किया जा रहा है।
फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (FSTP) का निर्माण पीरपैंती प्रखंड के मानिकपुर ग्राम पंचायत में किया जाना प्रस्तावित है। इस संबंध में तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया प्रगति पर है।
IHHL (इंडिविजुअल हाउसहोल्ड लैट्रिन):
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान फेज-2 के अंतर्गत जिले में 1,03,396 परिवारों को प्रेरित कर शौचालय का निर्माण कराया गया है।



