महाठग सुकेश से अभिनेत्री जैकलीन को मिलवाने वाली पिंकी ईरानी गिरफ्तार

नई दिल्ली : तिहाड़ जेल के अंदर से ही 200 करोड़ की ठगी करने वाले महाथग सुकेश चंद्रशेखर की करीबी पिंकी ईरानी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पिंकी ईरानी को दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) ने गिरफ्तार किया है। पिंकी ने ही सुकेश चंद्रेशखर और बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिज की मुलाकात करवाई थी।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता सुमन नालवा ने बताया कि मुंबई की रहने वालीं पिंकी ईरानी को पूछताछ के लिए बुलाया था और उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत ने पिंकी ईरानी को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पिंकी ईरानी पर दो बड़े आरोप हैं। पहला-जैकलीन फर्नांडिज और दूसरी बॉलीवुड अभिनेत्रियों की मुलाकात सुकेश चंद्रशेखर से करवाई थी। दूसरा-सुकेश ने ठगी कर जो पैसा वसूला था, उसको ठिकाने पिंकी ईरानी ने ही लगाया।
सुकेश फिलहाल तिहाड़ की मंडोली जेल में बंद है। उस पर कई लोगों से ठगी करने का आरोप है। एक अनुमान है कि 15 साल में सुकेश 500 करोड़ रुपये का चूना लगा चुका है। इसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रहा है। पिंकी ईरानी पेशे से इवेंट मैनेजर है और उसे सुकेश का करीबी बताया जा रहा है। उसे खुद का गृह मंत्रालय का अधिकारी बतला कर सुकेश ने अपने जाल में फंसाया था। पिंकी को पिछले साल 9 दिसंबर को ED ने गिरफ्तार किया था। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था। अब उसे EOW ने गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *