झारखंड को अटल जी के सपनों का राज्य बनाएंगे : नितिन नवीन
रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि झारखंड को भाजपा ने बनाया है और भाजपा ही इसे विकास के नए शिखर तक पहुंचाने का काम करेगी। रांची के डिबडीह स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में आयोजित ‘प्रबुद्ध नागरिक संवाद कार्यक्रम विकसित भारत @2047’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड को अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का राज्य बनाना भाजपा का संकल्प है।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने दावा किया कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत, जनधन, उज्ज्वला और पीएम आवास जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए लगातार काम कर रही है।
किसानों के संबंध में उन्होंने कहा कि सरकार जैविक खेती को बढ़ावा दे रही है तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत में दो लाख से अधिक स्टार्टअप और 125 से ज्यादा यूनिकॉर्न कार्यरत हैं, जो युवाओं की नवाचार क्षमता का प्रमाण हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी। नक्सलवाद पर नियंत्रण, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और बढ़ते रक्षा निर्यात को उन्होंने सरकार की उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब देश का हर वर्ग इसमें अपना योगदान देगा।
कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी सहित कई प्रबुद्धजन मौजूद थे।



