राज्यसभा चुनाव: सीएम हेमंत सोरेन ने झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम के साथ की रणनीतिक बैठक

रांची: राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा राज्यसभा की एक सीट के लिए पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद शनिवार शाम कांके स्थित मुख्यमंत्री आवास में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झामुमो के सभी विधायक, सांसद तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की और सभी विधायकों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उन्होंने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार बैद्यनाथ राम को पूरी ताकत के साथ विजयी बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैद्यनाथ राम पार्टी के जुझारू और समर्पित नेता हैं, जिन्होंने मंत्री रहते हुए अपने विभाग में उल्लेखनीय कार्य किया था। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में बैद्यनाथ राम बेहद कम अंतर से हार गए थे, जबकि उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही थी।
हेमंत सोरेन ने कहा कि पार्टी ने उनकी मेहनत, संघर्ष और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि बैद्यनाथ राम उच्च सदन में झारखंड के जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे और राज्य की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से रखेंगे।
वहीं, राज्यसभा प्रत्याशी बैद्यनाथ राम ने पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के भी महत्वपूर्ण नेता हैं। उनकी दूरदर्शी सोच और नेतृत्व में झारखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा राज्य लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *